फ्राँस के नोत्र दाम द परी महागिरजाघर में लगी आग फ्राँस के नोत्र दाम द परी महागिरजाघर में लगी आग  

फाँस के नोत्र दाम में लगी आग के बाद विश्व भर से एकात्मता सन्देश

फ्राँस की राजधानी पेरिस स्थित मरियम को समर्पित विश्व प्रसिद्ध महागिरजाघर "नोत्र दाम" में सोमवार की आगजनी के उपरान्त सम्पूर्ण विश्व से फ्राँस को एकात्मता सन्देश भेजे गये।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, मंगलवार, 16 अप्रैल 2019 (रेई,वाटिकन रेडियो): फ्राँस की राजधानी पेरिस स्थित मरियम को समर्पित विश्व प्रसिद्ध महागिरजाघर "नोत्र दाम" में सोमवार की आगजनी के उपरान्त सम्पूर्ण विश्व से फ्राँस को एकात्मता सन्देश भेजे गये।

इटली के धर्माध्यक्ष

850 वर्ष प्राचीन महागिरजाघर में लगी आग से हुई महान क्षति पर दुख व्यक्त करते हुए इटली के काथलिक धर्माध्यक्षों ने अपने सन्देश में लिखा, "एकजुट होकर हम हमारे फ्राँसिसी भाइयों के लिये प्रार्थना करें जो इन घड़ियों में 800 वर्षों से अधिक प्राचीन विश्वास की साझी विरासत को जलता हुआ देख रहे हैं। यह हम सब के लिये बहुत ही दुखद समय है।"  

पेरिस के मध्यकालीन मरियम महागिरजाघर "नोत्र दाम" में सोमवार सन्ध्या लगभग सात बजे अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे महागिरजाघर में फैल गई। आग को नियंत्रण में करने के लिये नौ घंटों का समय लगा। महागिरजाघर की प्रमुख इमारत और दो मीनारों को किसी तरह बचा लिया गया है किन्तु इसका गुम्बज और छत गिर गई है।

फ्राँस के राष्ट्रपति और धर्माध्यक्ष

फ्राँस के राष्ट्रपति इमानुएल माकारोन ने इसे फ्राँस एवं सम्पूर्ण मानवजाति की धरोहर का विनाश निरूपित कर कहा, "मेरे पूरे देशवासियों की तरह मैं भी आज बहुत ही दुखी हूँ। मुझे ये देखकर बेहद कष्ट हो रहा है कि हमारा एक हिस्सा जल रहा है।" फ्राँस के काथलिक धर्माध्यक्षों ने कहा है कि नोत्र दाम महागिरजाघर शांति, सौन्दर्य एवं आशा का प्रतीक था जिसके ढह जाने से हम बहुत दुखी हैं।

आस्ट्रिया और इंग्लैण्ड के काथलिक नेता  

ऑस्ट्रिया के कार्डिनल क्रिस्टोफ शॉनबोर्न तथा केनटरबरी के महाधर्माध्यक्ष जस्टिन वेल्बी ने भी अलग-अलग सन्देश प्रकाशित कर नोत्र दाम को पहुँची क्षति पर गहन दुख व्यक्त किया है। कार्डिनल शॉनबोर्न ने लिखा, "पेरिस की तस्वीरें देखकर मुझे गहन आघात पहुँचा है। नोत्र दाम पेरिस का प्राण है। हर किसी से मैं याचना करता हूँ कि वे इसके पुनर्निर्माण में मदद दें।" और केनटरबरी के महाधर्माध्यक्ष जस्टिन वेल्बी ने लिखा, "नोत्र दाम वह पवित्र स्थल है जहाँ लाखों तीर्थयात्रियों ने येसु ख्रीस्त का साक्षात्कार किया है।" और लन्दन के कार्डिनल विन्सेन्ट निकोलस ने लिखा, "यह वह प्रतिष्ठित इमारत है, जहाँ लाखों दर्शन करने आते हैं किन्तु इससे भी बढ़कर यह  यूरोप के केन्द्र में स्थित विश्वास का महाप्रतीक है।"

इटली के राष्ट्रपति मात्तारेल्ला

इटली के राष्ट्रपति सरजियो मात्तारेल्ला ने भी सन्देश प्रेषित कर महागिरजाघर में लगी आग पर गहन खेद व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मातारेल्ला ने लिखा, "नोत्र दाम वह ऐतिहासिक कोष है जिसने शताब्दियों के अन्तराल में फ्राँस, यूरोप और सम्पूर्ण विश्व की संस्कृति के लिये एक असाधारण कलात्मक विरासत को संरक्षित कर रखा था।"

राष्ट्र संघ के महासचिव और यूरोपीय समिति के अध्यक्ष

इसी बीच संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अन्तोनियो गुतेरेस तथा यूरोपीय समिति के अध्यक्ष डॉनल्ड टस्क ने भी सन्देश प्रेषित किये हैं। महासचिव गुतेरेस ने लिखा, "14 वीं शताब्दी से पेरिस पर राज करनेवाले विश्व विरासत के अनूठे गहने "नोत्र दाम" को इस क़दर जलते देख मैं भयभीत हुआ हूँ।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

16 April 2019, 11:16