जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी
लाहौर, शुक्रवार, 15 मार्च 2019 (ऊका समाचार): पाकिस्तान के काथलिक धर्माध्यक्षों ने देश के ख्रीस्तियों से अपील की है कि चालीसाकाल के दौरान वे स्मार्ट फोन से परहेज़ करें.
महाधर्माध्यक्ष का अनुरोध
लाहौर के महाधर्माध्यक्ष सेबास्टियन शॉ ने काथलिकों से अनुरोध किया है कि चालीसाकाल के दौरान वे कम से कम प्रतिदिन एक घण्टे के लिये फोन का उपयोग न करें. उनके अनुसार, मोबाइल फोन व्याकुलता और विकर्षण का एक स्रोत है और इसकी लत लग सकती है.
लाहौर के सेकरेड हार्ट महागिरजाघर में रविवार को महाधर्माध्यक्ष शॉ ने विश्वासियों से आग्रह किया कि क्रूस मार्ग के 14 मुकामों एवं ख्रीस्तयागों के दौरान वे अपने स्मार्ट फोन्स बन्द रखें ताकि प्रार्थना से उनका ध्यान न हट पाये.
चालीसाकाल
ख्रीस्तियों का चालीसाकाल ईस्टर यानि प्रभु येसु मसीह के पुनरुत्थान महापर्व से पूर्व पड़नेवाले चालीस दिन होते हैं जिनके दौरान काथलिक धर्मानुयायी प्रार्थना, बाईबिल पाठ, मनन-चिन्तन, उपवास एवं परहेज़ के लिये आमंत्रित किये जाते हैं.