जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी
नाइजीरिया, शुक्रवार, 29 मार्च 2019 (रेई, वाटिकन रेडियो): नाइजीरिया के कादूना प्रान्त स्थित आंकुवाई गाँव से एक काथलिक पुरोहित का अपहरण कर लिया गया है।
काथलिक पुरोहित फादर जॉन बाको शेकवोलो आंकुवाई स्थित सन्त तेरेसा गिरजाघर के पल्ली पुरोहित थे जिनका अपहरण सोमवार को उनके निवास से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कर लिया गया था।
अपहृत की रिहाई के लिये प्रार्थना
कादूना महाधर्मप्रान्त के कुलपति ने अपहरण की पुष्टि कर फादर शेकवोलो की तुरन्त रिहाई के लिये प्रार्थना की अपील की है। महाधर्मप्रान्त की विज्ञप्ति में कहा गया, “महाधर्मप्रान्त उन लोगों के अन्तःकरण को पुकराता है जिन्होंने पुरोहित का अपहरण किया है ताकि वे शीघ्रातिशीघ्र उन्हें रिहा कर दें।”
रिपोर्टों के अनुसार, स्थानीय पुलिस अपहरण की जाँच-पड़ताल कर रही है।
इसी बीच,नाइजीरिया के ख्रीस्तीय संगठन सी.ए.एन. ने एक वक्तव्य जारी कर अपहरण की कड़ी निन्दा कर कहा है कि कादूना में पुरोहितों का अपहरण एक प्रलाभी व्यापार बन गया है।
सरकार की विफलता
वक्तव्य में कहा गया, "यह अत्यन्त दुःख की बात है कि कादूना अपहरण का प्रमुख केन्द्र बन चुका है जिसको रोकने के लिये सरकार कोई उपाय नहीं कर रही है। यह दर्शाता है कि जहाँ तक जीवन और सम्पत्ति की रक्षा का सवाल है सरकार विफल रही है। सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को, जीवन और संपत्ति की रक्षा करने की अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागृत होना चाहिए।"