खोज

हांगकांग में  तूफान से तबाही हांगकांग में तूफान से तबाही 

घातक तूफान अमेरिका पूर्वी समुद्री-तट, फिलीपींस और चीन में

अमरीका में फ्लोरेंस नामक तूफान ने शुक्रवार को अमरीका के उत्तरी कैरोलाइना राज्य में दस्तक दी और फिलीपींस में मैंगकूट तूफान ने देश के उत्तरी हिस्से और चीन में भारी तबाही मचाई है।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

फ़्लोरेंस के कारण उत्तरी कैरोलाइना से लेकर दक्षिणी कैरोलाइना और वर्जीनिया के करीब 17 लाख लोगों को अपनी जगहों से निकलने की चेतावनी दी गई थी। शुरु में कहा गया था कि फ़्लोरेंस एक हरीकेन है। लेकिन बाद में इसे एक उष्णकटिबंधीय तूफान घोषित कर दिया गया।

फ़्लोरिडा के मरियन काउंटी एयरपोर्ट पर कई हवाई जहाज़ और हेलीकॉप्टर तूफ़ानी हवाओं के कारण क्षतिग्रस्त हुए हैं। सरकारी अधिकारियों के अनुसार उत्तरी कैरोलाइना के न्यू बेर्न शहर में करीब 150 लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं।

तूफ़ान के कारण अब तक कम से कम 11 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं हजारों लोगों को अस्थायी शिविरों में शरण लेनी पड़ी है।

मैंगकूट तूफ़ान ने 49 लोगों की जान ली

फिलीपींस में मैंगकूट तूफ़ान की वजह से घरों की छतें उड़ गई हैं, बड़ी संख्या में पेड़ गिरे हैं और 42 जगहों पर भूस्खलन हुआ है। तूफ़ान मैंगकूट की वजह से फ़िलीपींस में मरने वालों की संख्या 30 से 49 तक पहुंच चुकी है जिसमें अधिकतर लोग भारी बारिश से हुए भूस्खलन में मारे गए हैं। मैंगकूट को साल 2018 का सबसे ताकतवर तूफान माना जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर मौतें फ़िलीपींस के कॉर्डिलेरा और न्यूएवा विज़काया में भूस्खलन से हुई हैं। मारे गए लोगों में अधिकतर बच्चे हैं। एक सैन्य अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि बेंगेट प्रांत में भूस्खलन से 19 लोगों की मौत हुई है।

फिलीपींस की कारितास

फिलीपींस धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के उदार संगठन की "राहत एवं खोज टीम" पहले से ही मैंगकूट तूफ़ान पर निगरानी कर रही थी। अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों से 800,000 लोगों को निकालना शुरू कर दिया था।

कारितास फिलीपींस के कार्यकारी सचिव फादर गारिगेज ने कहा कि काथलिक कलीसिया ने सहायता श्रमिकों और संसाधनों को पहले से ही "आवश्यक खाद्य सामग्रियों को खरीद लिया है और इसके वितरण" के लिए कई क्षेत्रों में सहायता कर्मियों को तैनात किया गया है।

हांग कांग में तूफान

बीबीसी समाचार अनुसार, इस तूफ़ान ने हांगकांग में भी तबाही मचाई जिससे स्काईस्क्रेपर्स और घरों की खिड़की-दरवाज़ों को नुकसान पहुंचा है। हांगकांग में भी प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है और लोगों को चेतावनी दी है कि उड़ते हुए मलबों से बचने के लिए वे घरों से बाहर न निकलें। वहां पर हवाएं 177 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ़्तार से बह रही थी।

घायलों की संख्या 111 तक बताई जा रही है। शहर में पानी का स्तर 12 फुट तक पहुंच गया है। बहुत-सी दुकानों और सार्वजनिक सेवाओं को बंद रखा गया है। इस आंधी से विमान परिचालन पर भी खासा असर पड़ा है जिससे हांग कांग अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 800 से अधिक उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। इससे एक लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए हैं।

ग्वांगडूंग में सबसे तेज़ तूफ़ान आने का हाई अलर्ट जारी किया गया है। चीन की सरकारी मीडिया के अनुसार, मैंगकूट तूफ़ान चीन के तट के नज़दीक जियांगमेन शहर में रविवार स्थानीय समयानुसार दोपहर को पहुंचा।

मंगलवार तक मैंगकूट तूफ़ान के कमज़ोर पड़ने की संभावना है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

17 September 2018, 15:51