खोज

इंडोनेशिया में भूकंप इंडोनेशिया में भूकंप  

इंडोनेशिया भूकंप पीडितों की संख्या 90 से अधिक

इंडोनेशिया के लोकप्रिय पर्यटन स्थल लॉमबोक में रविवार शाम को दूसरी बार आये भूकंप में 90 लोगों के मरने की खबर है। एक सप्ताह पहले आये भूकंप में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी।

माग्रेट सुनीता मिंज - वाटिकन सिटी

देनपासार-इंडोनेशिया, सोमवार 6 अगस्त 2018 (एशिया न्यूज नेटवर्क) इंडोनेशिया के लॉमबोक द्वीप में रविवार को स्थानीय समय अनुसार शाम 7.45 बजे आए शक्तिशाली भूंकप में अब तक, कम से कम 90 लोगों की मरने की ख़बर है। अधिकारियों का कहना है कि ज़ख़्मी लोगों की संख्या सैकड़ों में है। रिक्टर पैमाने पर सात तीव्रता वाले इस भूकंप से हज़ारों इमारतों को नुक़सान पहुंचा है।

कई इमारतों को नुक़सान

राष्ट्रीय आपदा एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरावो नुगरोहो ने एएफ़पी न्यूज़ को बताया,"खोज और बचाव दल अपने काम में लगे हुए हैं और वे लोगों को अपने मकानों से खाली करा रहे हैं।" "हम अनुमान लगाते हैं कि मरने वालों की संख्या बढ़ेगी।" लॉमबोक के मुख्य शहर मताराम में कई इमारतें प्रभावित हुई हैं। इनमें से ज़्यादातर ख़राब निर्माण सामग्री से तैयार की गई थीं।

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे का कहना है कि इस भूकंप का केंद्र लॉमबोक के उत्तरी तट के पास सतह से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप आने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी मगर कुछ घंटों बाद यह वापस ले ली गई।

बाली में भी तेज़ झटके

बाली के देनपसार में मुख्य अस्तपाल से मरीज़ों को बाहर निकालना पड़ा। बाली में कई सेकेंडों तक झटके महसूस किए गये। बाली की राजधानी देनपसार में काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया, "शुरू में तो छोटे झटके आए मगर धीरे-धीरे वे तेज़ हो गए। लोगों ने चिल्लाना शुरू किया। भूकंप से सारा स्टाफ़ हड़बड़ा गया और सभी ने बाहर की ओर भागना शुरू कर दिया।" कई जगहों पर बिजली भी कट गई थी।

लॉमबोक और बाली की सड़कों पर बहुत-सा मलबा गिरा पड़ा था जिसे बाद में लोगों ने साफ़ किया।

जिस समय भूकंप आया, सिंगापुर के गृहमंत्री के. शनमुगम एक सुरक्षा सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए लॉमबोक में ही थे। उन्होंने फ़ेसबुक पर लिखा है कि वे होटल के दसवें मंजिल के कमरे में अपने लापटॉप में काम कर रहे थे कि कमरा ज़ोर-ज़ोर से हिलने लगा। उन्होंने लिखा है, "खड़ा रहना भी मुश्किल था।"

दोनों द्वीपों पर हवाई सेवाएं सामान्य हैं मगर बाली के देनपसार एयरपोर्ट पर भूकंप के कारण हल्का नुकसान हुआ है।

कहाँ है लॉमबोक?

लॉमबोक एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है जो इंडोनेशिया के बाली द्वीप से 40 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।

ये एक सप्ताह के भीतर लॉमबेक में आया दूसरा भूकंप है। 29 जुलाई को आये 6.4 तीव्रता के भूकंप में लॉमबोक द्वीप पर कम से कम 15 लोगों की मौत हुई थी। पिछले हफ़्ते के भूकंप की वजह से लॉमबोक में एक पर्वत पर 500 से अधिक पर्वतारोही भी फंस गये थे और इन्हें निकालने के लिए एक बड़ा बचाव अभियान भी चलाया गया था।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

06 August 2018, 16:02