इंडोनेशिया में भूकंप इंडोनेशिया में भूकंप  

इंडोनेशिया में भूकंप से 13 लोगों की मौत

इंडोनेशिया में एक शक्तिशाली भूकंप के कारण कम के कम 13 लोगों के मारे जाने की ख़बर है।

माग्रेट सुनीता मिंज - वाटिकन सिटी

लंबोक, सोमवार 30 जुलाई 2018 (एशिया न्यूज) : इंडोनेशिया में एक भूकंप ने रविवार को स्थानीय समय प्रातः 6:47 बजे लंबोक और सुम्बावा द्वीपों को हिलाकर रख दिया, जिसमें कम से कम 13 लोग मारे गये।

मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूगर्भ विज्ञान एजेंसी (बीएमकेजी) ने बताया कि  भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई। इसका केंद्र उत्तरी लंबोक में बताया गया है। लंबोक एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है जो इंडोनेशिया के बाली द्वीप से 40 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।

भूकंप से नुकसान

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, भूकंप से कई इमारतों को नुकसान पहुँचा है कम से कम 13 लोग मारे गए और दर्जनों लोग घायल हैं।

इंडोनेशिया में आपदा प्रबंधन करने वाली एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुगरोहो ने बताया है, "क़रीब 40 लोग घायल हुए हैं। दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। घायलों और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हमने अभी आंकड़े जुटाना शुरू नहीं किया है।"

एक चश्मदीद ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "बहुत तेज़ भूकंप था। सब कुछ हिल गया। लोग घबराए हुए इधर-उधर भाग रहे थे। भूकंप आने के कुछ ही मिनटों में पूरे शहर की बिजली चली गई थी।"

भूकंप का खतरा

इंडोनेशिया में भूकंप का ज़्यादा ख़तरा रहता है क्योंकि ये देश 'रिंग ऑफ़ फ़ायर' यानी लगातार भूकंप और ज्वालामुखीय विस्फोटों की रेखा पर स्थित है। यह रेखा प्रशांत महासागर के लगभग पूरे हिस्से को घेरती है।

दुनिया के आधे से ज़्यादा सक्रिय ज्वालामुखी इसी रिंग ऑफ़ फ़ायर का हिस्सा हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

30 July 2018, 15:24