उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 28 जनवरी 2021 (रेई)- वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन आज 28 जनवरी से 3 फरवरी तक, वाटिकन विदेश सचिवालय मोनसिन्योर इवन संतुस के साथ कैमरून की यात्रा पर हैं।
संत पापा की चिंता और परवाह का चिन्ह
यात्रा का मकसद है कोरोनावायरस के कारण मानवीय आपालकाल के बीच अफ्रीका के लिए संत पापा एवं कलीसिया की चिंता को प्रकट करना, एक ऐसी धरती में जो मानवता के लिए धनी है किन्तु बहुत अधिक पीड़ा सही है। इसके अलावा, वाटिकन उस "आम, सहायक और भागीदारी प्रतिबद्धता का एक ठोस चिन्ह प्रकट करना चाहता है, जो सभी की गरिमा और भलाई को बचाने एवं बढ़ावा देने तथा करुणा, सामंजस्य, चंगाई, सम्मान एवं स्वीकृति में रुचि रखता है," जिसके लिए संत पापा फ्राँसिस ने 1 जनवरी 2021 को 54वें विश्व शांति दिवस के अपने संदेश में आह्वान किया है। संदेश का शीर्षक था, : "शांति के मार्ग के रूप में देखभाल की संस्कृति"।
कलीसिया एवं सरकारी अधिकारियों से मुलाकात
यात्रा के दौरान देश के अधिकारियों के साथ मुलाकात की योजना बनायी गई है। विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के बीच कार्डिनल परोलिन बामेंदा के महागिरजाघर में ख्रीस्तयाग अर्पित करें तथा धर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष अंड्रू नकेया फौन्या को पालियुम प्रदान करेंगे। वे यौनदे में आशा के परिवार का दौरा करेंगे। इस केंद्र की स्थापना 40 वर्षों पहले येसु समाजी पुरोहित युएस लेस्कान्ने ने परित्यक्त बच्चों एवं युवा कैदियों के लिए किया था।