माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, बुधवार 20 मार्च 2019 (वाटिकन न्यूज) : "मैं पुष्टि कर सकता हूँ कि संत पापा ने लियोन महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल बारबारिन द्वारा प्रस्तुत इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया। हालांकि, महाधर्मप्रांत कठिनाइयों में है परंतु संत पापा ने कार्डिनल बारबरिन को अपना निर्णय लेने हेतु स्वतंत्रता दी है।" कार्डिनल बारबरिन ने कुछ समय की अवधि के लिए सेवानिवृत होने और फादर यवेस बमगार्टन, विकर जेनरल से महाधर्मप्रांत का कार्यभार संभालने के लिए पूछने का फैसला लिया।” ये बातें वाटिकन प्रेस के अंतरिम निदेशक अलेसांद्रो जिसोत्ती ने कुछ पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कही।
अलेसांद्रो जिसोत्ती ने कहा कि परमधर्मपीठ दुर्व्यवहार के शिकार लोगों के प्रति अपनी निकटता और संवेदना को पुनः दोहराती है। परमधर्मपीठ लियोन महाधर्मप्रांत और पूरे फ्रांस के विश्वासियों के साथ है जो इस दर्दनाक क्षण का सामना कर रहे हैं।
अदालत के फैसले के बाद महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल फिलिप बारबारिन ने 18 मार्च को संत पापा फ्राँसिस से मुलाकात की। कार्डिनल फिलिप बारबारिन ने संत पापा को लियोन महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष पद का इस्तीफा सौंपा। संत पापा द्वारा इस्तीफा स्वीकार न किये जाने पर उन्होंने कुछ समय के लिए सेवानिवृत्त होने का फैसला लिया है। लियोन महाधर्मप्रांत के एक आधिकारिक बयान के अनुसार विकर जेनरल फादर यवेस बमगार्टन महाधर्मप्रांत की अगुवाई करना 20 मार्च से शुरु करेंगे।