नाइजर की अच्छाई एवं शांति के लिए पोप की प्रार्थना
वाटिकन न्यूज
नाइजर, रविवार, 20 अगस्त 2023 (रेई) : संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में देवदूत प्रार्थना के दौरान, पोप फ्राँसिस ने कहा कि वे पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर की स्थिति पर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि वे देश में शांति और साहेल क्षेत्र में स्थिरता के लिए धर्माध्यक्षों की अपील के साथ अपनी आवाज एकजुट करते हैं।
पोप ने बतलाया कि वे अपनी प्रार्थनाओं के साथ सभी लोगों की भलाई के लिए जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान खोजने के अंतरराष्ट्रीय समुदाय के प्रयासों के साथ हैं। उन्होंने विश्वासियों से कहा, "आइए, हम नाइजर के प्रिय लोगों के लिए प्रार्थना करें।" इसके साथ ही संत पापा ने विश्व शांति के लिए भी प्रार्थना जारी रखने का प्रोत्साहन दिया।
उन्होंने कहा, "और आइए हम युद्ध एवं हिंसा से घायल सभी लोगों के लिए शांति हेतु प्रार्थना करें, खासकर, यूक्रेन के लिए, जो इतने लंबे समय से पीड़ित है।"
पश्चिम अफ्रीका की कलीसिया के धर्मगुरूओं ने भी किसी भी सैन्य हस्तक्षेप का विरोध व्यक्त करते हुए नाइजर में स्थिति के शांतिपूर्ण समाधान की अपील की है। पश्चिम अफ्रीका में काम कर रहे धर्मसमाजी नेताओं ने तख्तापलट प्रभावित नाइजर में किसी भी सैन्य हस्तक्षेप का विरोध करते हुए क्षेत्र के काथलिक धर्माध्यक्षों के साथ सुर में सुर मिलाते हुए कहा है कि इससे स्थिति और खराब होगी।
पिछले सप्ताह एसीआई अफ्रीका समाचार एजेंसी के साथ साझा किए गए एक बयान में, पश्चिम अफ्रीका के मेजर सुपीरियर्स के क्षेत्रीय सम्मेलन के सदस्यों ने पश्चिम अफ्रीकी राज्यों के आर्थिक समुदाय के लिए पश्चिम अफ्रीका के क्षेत्रीय धर्माध्यक्षीय सम्मेलन की अपील दोहरायी। उन्होंने कहा कि संकट से निपटने के लिए बातचीत से लेकर अन्य प्रकार के उपायों को अपनाना होगा।
बयान में कहा गया कि "हम इस नाजुक मामले में इकोवास और अन्य क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय निकायों की ओर से संयम, विवेक और जिम्मेदारी के आह्वान में शामिल होते हैं।"
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here