उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, मंगलवार, 11 अगस्त 2021 (रेई)- संत पापा फ्राँसिस ने कार्डिनल एदवार्दो मार्टिनेज सोमालो के निधन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने वाटिकन के मोनसिन्यर फेरनांदो लोत्सा मार्टिनेज को एक तार संदेश भेजकर कार्डिनल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "आपके चाचा कार्डिनल एदवार्दो मार्टिनेज सोमालो के निधन की खबर सुन, मैं आपको, आपके परिवार और उन सभी लोगों को जो उन्हें जानते हैं अपना आध्यात्मिक सामीप्य व्यक्त करता हूँ और इस प्यारे भाई के आध्यात्मिक फलप्रद साक्ष्य को स्नेह के साथ याद करता हूँ।"
संत पापा ने कार्डिनल सोमालो की लम्बी और समृद्ध सेवा की सराहना करते हुए याद किया कि उन्होंने 5 संत पापाओं को अपना सहयोग दिया।
संत पापा ने उनकी सभी सेवाओं के लिए ईश्वर को धन्यवाद देते हुए कहा, "मैं ईश्वर को कलीसिया एवं परमधर्मपीठ के विश्वस्त और उदार सेवक के लिए धन्यवाद देता हूँ और माता मरियम की ममतामय मध्यस्थता द्वारा याचना करता हूँ कि वे सुसमाचार के निष्ठावान सेवक का स्वर्गीय आनन्द में स्वागत करें।"
अंत में संत पापा फ्राँसिस ने सभी शोकित प्रियजनों को अपना प्रेरितिक आशीर्वाद दिया।
