माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, बुधवार 3 फरवरी 2021 (वाटिकन न्यूज) : संत पापा फ्राँसिस ने बुधवारीय आमदर्शन समारोह के दौरान सभी विश्वासियों को मानव बंधुत्व का प्रथम अंतर्राष्ट्रीय दिवस की याद दिलाई। मानव बंधुत्व विश्व दिवस की स्थापना दिसंबर 2019 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक प्रस्ताव द्वारा की गई थी।
संत पापा ने कहा, ʺकल संयुक्त राष्ट्र महासभा के हालिया संकल्प द्वारा स्थापित मानव बंधुत्व का प्रथम अंतर्राष्ट्रीय दिवस है। यह पहल अबू धाबी में 4 फरवरी 2019 को हुई बैठक पर भी ध्यान देती है, जब अल-अजहर के ग्रैंड इमाम, अहमद अल-तैयब और मैंने विश्व शांति और जीवनयापन के लिए मानव बंधुत्व दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए। मैं इस बात से बहुत प्रसन्न हूं कि पूरी दुनिया के देश इस उत्सव में शामिल हो रहे हैं, जिसका उद्देश्य अंतरधार्मिक और परस्पर संवाद को बढ़ावा देना है।ʺ
संत पापा फ्राँसिस ने इस ऐतिहासिक घटना में आभासी बैठक में भाग लेने की खुशी जाहिर करते हुए कहा, ʺकल दोपहर, मैं संयुक्त राष्ट्र महासचिव, श्री अंतोनियो गुटेरेस, अल-अजहर के ग्रैंड इमाम अहमद अल-तैयब और अन्य नेताओं के साथ एक आभासी बैठक में भाग लूंगा। संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव में इस बात को स्वीकार किया गया है कि सभी धार्मिक समूहों के बीच संवाद, सभी मानव जाति द्वारा साझा किए गए मूल्यों की समझ पर एक बेहतर जागरूकता ला सकता है। आज हमारी प्रार्थना है कि वर्ष का हर दिन बंधुत्व के लिए प्रतिबद्ध हो सकें।ʺ
मानव बंधुत्व पुरस्कार
मानव बंधुत्व के लिए जायद अवार्ड, जो मानव बंधुत्व दस्तावेज़ से प्रेरित है, 4 फरवरी को प्रदान किया जाएगा।
बैठक और पुरस्कार समारोह 14:30 बजे (रोम समय) और 13.30 बजे (जीएमटी समय) - वाटिकन न्यूज, वाटिकन के मल्टीमीडिया सूचना पोर्टल और वाटिकन मीडिया द्वारा प्रसारित पर कई भाषाओं में स्ट्रीम किया जाएगा।
