उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, शनिवार, 16 जनवरी 2021 (रेई)- संत पापा के अनुदान विभाग के पूर्व अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष ऑस्कर रित्ज़ातो का निधन 11 जनवरी को पादुआ के अस्पताल में हुआ। उनका अंतिम संस्कार पादुआ के धर्माध्यक्ष क्लौदियो चिपोल्ला द्वारा अर्सेगो पल्ली गिरजाघर में तथा उनकी दफनक्रिया वहीं के स्थानीय कब्रस्थान में किया गया।
संत पापा फ्राँसिस की ओर से वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन ने पादुआ के धर्माध्यक्ष क्लौदियो चिपोल्ला को प्रेषित तार संदेश में कहा, "पोप के अनुदान
विभाग के पूर्व अध्यक्ष मोन्सिन्योर ऑस्कर रित्ज़ातो के निधन की खबर सुन, संत पापा फ्राँसिस ने उनके धर्मप्रांतीय समुदाय को अपना आध्यात्मिक सामीप्य व्यक्त किया है।" संत पापा ने कलीसिया के इस विनम्र सेवक के प्रति कृतज्ञता प्रकट की, जिसने गहरा आध्यात्मिक जीवन जीते हुए सबसे कमजोर लोगों पर ध्यान दिया तथा अपनी प्रेरिताई को दीनता एवं समर्पण के साथ पूरा किया, खासकर, राज्य सचिवालय में तथा प्रेरितिक अनुदान सेवा में।
कार्डिनल परोलिन ने लिखा कि वे प्रेरितिक योगदान देने में सजग एवं विनम्र, चिंतनशील एवं प्रसन्नचित थे, खासकर, ख्रीस्तीय दीक्षार्थियों के संस्कार का अनुष्ठान करने में। उन्होंने कहा है कि संत पापा दिव्य करुणावान ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे इस भले एवं विश्वस्त सेवक को अनन्त पुरस्कार प्रदान करें तथा धर्माध्यक्ष, धर्मप्रांत के सभी पुरोहितों, दिवांगत धर्माध्यक्ष के रिश्तेदारों एवं उनके निधन पर शोकित सभी लोगों को सांत्वना की आशीष प्रदन करें।
