खोज

रियो दे जानेरियो के साओ सेबास्तियाओ महागिरजाघर में कोविद-19 के शिकार लोगों के लिये प्रार्थना रियो दे जानेरियो के साओ सेबास्तियाओ महागिरजाघर में कोविद-19 के शिकार लोगों के लिये प्रार्थना 

कार्डिनल शीड के निधन पर सन्त पापा फ्रांसिस ने भेजा शोक सन्देश

ब्राज़ील में रियो दे जानेरियो के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल यूसेबियो ऑस्कर शीड के निधन पर एक शोक सन्देश में सन्त पापा फ्राँसिस ने दिवंगत आत्मा के प्रति भाव भीनी श्रद्धान्जलि अर्पित की है।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर, वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 15 जनवरी 2021 (रेई,वाटिकन रेडियो): ब्राज़ील में रियो दे जानेरियो के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल यूसेबियो ऑस्कर शीड के निधन पर एक शोक सन्देश में सन्त पापा फ्राँसिस ने दिवंगत आत्मा के प्रति भाव भीनी श्रद्धान्जलि अर्पित की है।  

रियो दे जानेरियो के वर्तमान महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल ओरानी जोआओ तेम्पेस्ता को प्रेषित एक तार सन्देश में सन्त पापा ने लिखा कि कार्डिनल शीड के निधन की ख़बर सुन उन्हें बेहद दुख हुआ है। उन्होंने लिखा कि शोकाकुल लोगों एवं दिवंगत कार्डिनल को धर्मोत्साही प्रेरितिक नेता माननेवाले विश्वासियों के प्रति वे हार्दिक सहानुभूति व्यक्त करते हैं।

श्रद्धान्जलि

सन्देश में सन्त पापा फ्राँसिस लिखते हैं कि दिवंगत कार्डिनल शीड का धर्माध्यक्षीय आदर्श था "ईश्वर भले हैं," जो  "हमें कलीसिया के प्रति ईश्वर की भलाई की याद दिलाता है।" उन्होंने कहा, “साओ होसे दोस कामपोस के प्रथम धर्माध्यक्ष प्रिय कार्डिनल यूसेबियो की स्मृति वास्तव में सांत्वना देने वाली है जिन्होंने समर्पण एवं तत्परता के साथ ईश प्रजा की सेवा की। फ्लोरियानोपोलिस तथा रियो दे जानेरियो की सान सेबास्तियान महाधर्माध्यक्षीय पीठों में कार्डिनल शीड के कार्यों की भी सन्त पापा ने प्रशंसा की तथा ब्राजील की कलीसिया को इतने उदार प्रेरितिक नेता प्रदान करने के लिये ईश्वर के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। 

सन्त पापा ने लिखा, "अनन्त शान्ति और सुख में उनके स्वागत हेतु मैं उत्कट प्रार्थना करता और पुनरुत्थान में आशा में उन सभी लोगों को सांत्वना देता हूँ जो अपने प्रिय मेषपाल के चले जाने पर शोक मना रहे हैं।"

कोविद -19 से संक्रमित पाये जाने के बाद कार्डिनल शीड को निमोनिया की सम्भावना के साथ 12 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जीवन और प्रेरिताई

कार्डिनल यूसेबियो का जन्म ब्राज़ील के लूस्सेरना में 08 दिसम्बर, 1932 ई. को हुआ था। कोरूपा में हाईस्कूल एवं गुरुकुल प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरान्त आप येसु के पवित्रतम हृदय को समर्पित पुरोहितों के धर्मसमाज में भर्ती हो गये थे। ब्राज़ील तथा रोम में ईशशास्त्र एवं दर्शन का अध्ययन करने के उपरान्त 03 जुलाई सन् 1960 ई. को आप रोम में ही पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे, जहाँ आपने ईशशास्त्र की पढ़ाई जारी रखी तथा क्रिस्टोलोज़ी में डॉक्टरेड की उपाधि ग्रहण की। सन् 1981 की पहली मई को आप साओ होसे दोस कामपोस धर्मप्रान्त के प्रथम धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। 23 जनवरी सन् 1991 को फ्लोरियानोपोलिस महाधर्मप्रान्त तथा सन् 2001 में रियो दो जानेरियो महाधर्मप्रान्त के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। 21 अक्टूबर 2003 को सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय ने आपको कलीसिया के राजकुमार के शीर्षक से सम्मानित कर कार्डिनल का पद प्रदान किया था। 2009 के अप्रैल माह से रियो दे जानेरियो के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष रहे थे।  

ब्राज़ील में विभिन्न पदों पर सेवाएँ अर्पित करने के साथ-साथ कार्डिनल यूसेबियो शीड लातीनी अमरीका के लिये परमधर्मपीठीय आयोग के भी परामर्शक रहे थे। साथ ही पूर्व सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें को कलीसिया के परमाध्यक्ष नियुक्त किये जाने के लिये एकत्र कार्डिनल मण्डल में भी आप शामिल थे।  

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

15 January 2021, 11:36