उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 1 जनवरी 2021 (रेई)- नये साल के प्रथम दिन देवदूत प्रार्थना के उपरांत संत पापा फ्राँसिस ने विश्व के विभिन्न हिस्सों में उन लोगों को अपनी कृतज्ञता व्यक्त की जो महामारी के कारण लगे प्रतिबंधों का सम्मान कर रहे हैं, तथा विश्व शांति दिवस पर प्रार्थना एवं चिंतन के समय को बढ़ावा दे रहे हैं। संत पापा ने नूतन वर्ष की पूर्व संध्या पर वर्चुवल प्रदर्शन पर ध्यान दिया जिसका आयोजन इताली काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन, पैक्स ख्रीस्ती कारितास एवं काथलिक अक्शन ने किया था। संत इजिदियो समुदाय ने भी इसका समर्थन किया था।
यमन के लिए प्रार्थना
संत पापा ने यमन में हिंसा के लिए शोक और दुःख व्यक्त किया जिसमें कई निर्दोष लोग मौत के शिकार हुए। उन्होंने प्रार्थना की कि हल निकालने के लिए प्रयास किया जाए ताकि उन संतप्त लोगों के बीच शांति लौट सके।
उन्होंने कहा, "भाइयो एवं बहनो, हम यमन के बच्चों की याद करें, वे बिना शिक्षा और दवाई के हैं...हम एक साथ यमन के लिए प्रार्थना करें।"
अपहरण के शिकार लोगों के लिए प्रार्थना
संत पापा फ्राँसिस ने विश्वासियों का आह्वान किया कि वे नाईजीरिया के ओवेर्री महाधर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष मोसेस किकवे एवं उनके चालक के लिए प्रार्थना करें, जिनका अपहरण 27 दिसम्बर को हो गया। "हम प्रभु से प्रार्थना करते हैं कि वे और उनके समान नाईजीरिया में अपहरण के शिकार हुए हैं वे सुरक्षित वापस लौट सकें तथा यह प्यारा देश पुनः सुरक्षा, सहमति एवं शांति प्राप्त कर सके।"
शांति एवं आशा का एक साल
संत पापा ने अपने संदेश के अंत में शांति एवं आशा के वर्ष की शुभकामनाएँ दीं तथा संत मरियम ईश्वर की माता के संरक्षण की कामना की।
