महाधर्माध्यक्ष हेनरी तेस्सिएर महाधर्माध्यक्ष हेनरी तेस्सिएर 

संत पापा ने महाधर्माध्यक्ष तेस्सिएर के निधन पर शोक व्यक्त किया

संत पापा फ्राँसिस ने महाधर्माध्यक्ष हेनरी तेस्सिएर की याद, एक उदार चरवाहे के रूप में की है जिनका निधन मंगलवार को हुआ। महाधर्माध्यक्ष ने अल्जेरिया की कलीसिया की सेवा, साहस एवं सुसमाचारी मनोभाव से किया।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 3 दिसम्बर 20 (रेई)- अल्जेरिया के महाधर्माध्यक्ष के निधन पर मंगलवार को संत पापा ने एक तार संदेश भेजकर अपना शोक व्यक्त किया। 

वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन ने संत पापा की ओर से प्रेषित एक तार संदेश में महाधर्माध्यक्ष के निधन पर शोकित सभी लोगों (उनके परिवार, मित्र, धर्माध्यक्ष और ओरान एवं अल्जेरिया के विश्वासियों) को संत पापा का सामीप्य एवं आशीर्वाद पहुँचाया।

कार्डिनल ने संदेश में कहा है कि संत पापा फ्राँसिस, महाधर्माध्यक्ष तेस्सिएर की याद एक उदार चरवाहे के रूप में करते हैं जो अल्जेरिया की कलीसिया के कठिन समय में साहस और सुसमाचारी मनोभाव के साथ आगे बढ़े। वे एक वार्ता एवं शांति के व्यक्ति थे, जिन्होंने अल्जेरिया के लोगों के बीच सम्मान एवं भाईचारापूर्ण एकता के लिए काम किया।  

संत पापा ने संदेश के अंत में महाधर्माध्यक्ष को ईश्वर को सौंप दिया तथा प्रार्थना की है कि वे उन्हें अपने राज्य की शांति और प्रकाश में प्रवेश पाने दें। उन्होंने अफ्रीका की माता मरियम, धन्य चार्ल्स दी फोकौल्ड एवं अल्जेरिया के धन्य शहीदों की मध्यस्थता द्वारा प्रार्थना की है।  

महाधर्माध्यक्ष हेनरी तेस्सिएर

महाधर्माध्यक्ष हेनरी का जन्म फांस के लेयोन में 1929 को हुआ था। उनका पुरोहिताभिषेक मार्च 1955 को अल्जीयर्स धर्मप्रांत के लिए हुआ था।

पेरिस के कार्मेलाईट सेमिनरी में अध्ययन करने के बाद, अरबी पढ़ने के लिए वे मिस्र के काहिरा स्थित दोमिनिकन संस्थान गये।

सन् 1973 को उनका धर्माध्यक्षीय पावन अभिषेक हुआ जिसके बाद वे 1980 में अल्जीयर्स के सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त हुए। 1988 को वे अल्जीयर्स के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त हुए जहाँ 2008 तक सेवानिवृत होने तक अपनी सेवा दी। उनका निधन 91 साल की उम्र में 1 दिसम्बर 2020 को लेयोन में हुआ।

उन्हें ख्रीस्तीय और इस्लाम के बीच अंतरधार्मिक वार्ता और ख्रीस्तीय एकतावर्धक वार्ता के आधिकारिक प्रतिनिधियों में से एक माना जाता है।  

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

03 December 2020, 17:23