चार नए धर्माध्यक्षों का अभिषेक चार नए धर्माध्यक्षों का अभिषेक 

संत पापा द्वारा चार नए धर्माध्यक्षों का अभिषेक

वाटिकन के संत पेत्रुस महागिरजाघर में शुक्रवार शाम, संत पापा फ्राँसिस ने फादर माइकेल चरणी और मोनसिन्योर पावलो बोर्गिया, मोन्सिन्योर अंतोनी कैमिलेरी और मोन्सिन्योर पावलो रुदेली का धर्माध्यक्षीय अभिषेक किया।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शनिवार 5 अक्टूबर 2019 (वाटकन न्यूज) :  संत पेत्रुस महागिरजाघर में पवित्र युखरीस्तीय समारोह के दौरान संत पापा फ्राँसिस ने चार नये धर्माध्यक्षों का अभिषेक किया। उनमें एक येसु समाजी पुरोहित और तीन मोन्सिन्योर हैं। इस समारोह में अनेक कार्डिनलों, धर्माध्यक्षों, पुरोहितों, धर्मबहनों और लोकधर्मियों ने भाग लिया।

धर्माध्यक्ष माईकेल चरणी येसु समाजी

धर्माध्यक्ष चरणी समग्र मानव विकास हेतु गठित परमधर्मपीठ से संलग्न प्रवासी और शरणार्थी विभाग के उप-सचिव हैं। उनका जन्म सन् 1946 ई. में पूर्व चेकोस्लोवाकिया में हुआ और सन् 1963 ई. में कनाडा में येसु समाज धर्मसंघ में प्रवेश किया। सन् 1973 में उनका पुरोहिताभिषेक हुआ। सन् 1978 में उन्होंने शिकागो विश्वविद्यालय में इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की।

1979 में, उन्होंने ‘विश्वास एवं न्याय’ के लिए जेसुइट सेंटर की स्थापना की और 1989 तक इसका निर्देशन किया जब उन्हें सेंट्रल अमेरिकन यूनिवर्सिटी में येसु समाजियों की हत्या के बाद सान सल्वाडोर में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां वे यूनिवर्सिटी के वाइस रेक्टर और इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन राइट के निदेशक बने।

1992-2002 तक वे रोम में जेसुइट मुख्यालय में सामाजिक न्याय के सचिव थे और बाद में अफ्रीका में जेसुइट्स द्वारा संचालित अफ्रीकी जेसुइट एड्स नेटवर्क (एजेएन) की स्थापना और निर्देशन किया, जो वहां के एचआइवी / एड्स महामारी का जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध था। 2005 की शुरुआत में उन्होंने केन्या के धर्माध्यक्षीय सम्मेलन का सहयोग करते हुए नैरोबी में पूर्वी अफ्रीका के काथलिक विश्वविद्यालय के हकीमा कॉलेज में पढ़ाया। 2009 में, संत पापा बेनेडिक्ट सोलहवें ने उन्हें अफ्रीकी धर्माध्यक्षों की दूसरी धर्मसभा के लिए एक विशेषज्ञ के रुप में नामित किया।

2010 से वे न्याय और शांति के लिए गठित परमधर्मपीठीय परिषद के सलाहकार रहे हैं और दिसंबर 2016 में, संत पापा फ्राँसिस ने उन्हें समग्र मानव विकास हेतु गठित परमधर्मपीठ से संलग्न प्रवासी और शरणार्थी विभाग का उप-सचिव बनाया।  अक्टूबर 2018 में वे युवा लोगों पर हुए धर्मध्यक्षीय धर्मसभा के सदस्य थे और 2019 में वे अमाज़ोन पर धर्मसभा के लिए एक विशेष सचिव बने।

01 सितंबर को संत पापा फ्राँसिस ने  काथलिक  कलीसिया के 13 नए कार्डिनलों में से एक फादर चरणी को घोषित किया। शुक्रवार शाम को संत पापा फ्राँसिस ने उनका धर्माध्यक्षीय अभिषेक किया और आज शनिवार 5 अक्टूबर को संत पापा फ्राँसिस उन्हें नये कार्डिनल के रुप में कार्डिनल मंडल में सम्मिलित किया।

धर्माध्यक्ष पावलो बोर्जिया

संत पापा फ्राँसिस ने 3 सितंबर को वाटिकन राज्य सचिवालय के सामान्य मामलों के विभाग के मूल्यांकनकर्ता इटालियन मोन्सिन्योर पावलो बोर्जिया को प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया।

धर्माध्यक्ष पावलो बोर्गिया का जन्म 18 मार्च 1966 को मैनफ्रेडोनिया (इटली) में हुआ था। 10 अप्रैल, 1999 को उनका पुरोहिताभिषेक किया गया और दक्षिणी इटली के मैनफ्रेडोनिया-विएस्ट-सैन जोवन्नी रोतोंदो में प्रेरितिक सेवा दी। उन्होंने कलीसिया की कानून सहिंता में स्नातक किया। 1 दिसंबर 2001 को परमधर्मपीठ की राजनयिक सेवा में प्रवेश किया और मध्य अफ्रीकी गणराज्य, मैक्सिको, इजरायल और लेबनान में  परमधर्मपीठ के प्रतिनिधि के रुप में काम किया।  राज्य सचिवालय के विदेश मामलों के कार्यालय में और राज्य सचिवालय के सामान्य मामलों के अनुभाग में कार्य किया। 4 मार्च 2016 को उन्हें राज्य सचिवालय के सामान्य मामलों के लिए मूल्यांकनकर्ता नियुक्त किया गया था। वे इतालवी, अंग्रेजी, स्पेनिश और फ्रेंच भाषाएं बोलते हैं।

धर्माध्यक्ष अंतोनी कैमिलेरी

धर्माध्यक्ष अंतोनी कैमिलेरी अब तक राज्य सचिवालय के विदेश मामलों के कार्यालय में उप सचिव के रूप में काम कर रहे हैं। उन्हें आइलैंड में स्केहोल्ट महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया, साथ ही उन्हें प्रेरितिक राजदूत का कार्य सौंपा गया।

20 अगस्त 1965 को सलीमा (माल्टा) में जन्मे, कैमिलेरी का 5 जुलाई 1991 को पुरोहिताभिषेक हुआ। उन्होंने कानून और कलीसिया की कानून सहिंता में स्नातक किया। उन्होंने 9 जनवरी 1999 को परमधर्मपीठ की कूटनीतिक सेवा में प्रवेश किया और पापुआ न्यू गिनी, युगांडा, क्यूबा में राज्य सचिवालय के विदेश मामलों के कार्यालय में परमधर्मपीठ के प्रतिनिधि के रुप में काम किया। 22 फरवरी 2013 को, उन्हें राज्य सचिवालय के विदेश मामलों के कार्यालय में उप सचिव के रूप में नियुक्त किया गया। वे सात भाषाओं में धाराप्रवाह है: इतालवी, अंग्रेजी, स्पेनिश, फ्रेंच, पुर्तगाली, रोमानियाई और रूसी।

संत पापा फ्राँसिस ने 3 सितंबर को उन्हें प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया।

धर्माध्यक्ष पावलो रुदेली

इटली बेरगमो धर्मप्रांतीय मोन्सिन्योर को संत पापा फ्राँसिस ने शुक्रवार को धर्माध्यक्षीय अभिषेक किया। धर्माध्यक्ष पावलो रुडेली वर्तमान में वे स्ट्रासबर्ग में यूरोप काउंसिल में परमधर्मपीठ के विशेष दूत और स्थायी पर्यवेक्षक हैं।

धर्माध्यक्ष पावलो रुडेली का जन्म गाजानिंगा (इटली) में 16 जुलाई 1970 को हुआ और 10 जून 1995 को पुरोहिताभिषेक हुआ। उन्होंने उत्तर इटली के बेरगमों शहर में अपनी प्रेरितिक सेवा दी। उन्होंने कलीसिया की कानून सहिंता में स्नात्कोत्तर और नैतिक ईशशास्त्र में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। 1 जुलाई 2001 को परमधर्मपीठ की राजनयिक सेवा में प्रवेश करने के बाद, उन्होंने इक्वाडोर और पोलैंड में परमधर्मपीठ के प्रतिनिधि के रुप में और वाटिकन राज्य सचिवालय के सामान्य मामलों के अनुभाग में काम किया। वे पांच भाषाओं में बोलते है: इतालवी, अंग्रेजी, फ्रेंच, स्पेनिश और पोलिश।

संत पापा फ्राँसिस ने 3 सितंबर को उन्हें प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

05 October 2019, 15:52