खोज

अन्तानानारिवो में सन्त पापा फ्राँसिस तथा मडागास्कर के राष्ट्रपति पौधा आरोपित करते हुए अन्तानानारिवो में सन्त पापा फ्राँसिस तथा मडागास्कर के राष्ट्रपति पौधा आरोपित करते हुए 

मडागास्कर के दैनिक समाचारों के मुख पृष्ठों पर यात्रा की ख़बरें

मडागास्कर के लगभग सभी दैनिक समाचार पत्रों के मुखपृष्ठ पर सन्त पापा फ्रांसिस की प्रेरितिक यात्रा की ख़बरें प्रकाशित की गई। शुक्रवार को मोज़ाम्बिक में अपनी तीन दिवसीय प्रेरितिक यात्रा समाप्त कर सन्त पापा फ्राँसिस मडागास्कार की राजधानी अन्तानानारिवो पहुँचे।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

अन्तानानारिवो, शनिवार, 7 सितम्बर 2019 (रेई,वाटिकन रेडियो): मडागास्कर के लगभग सभी दैनिक समाचार पत्रों के मुखपृष्ठ पर सन्त पापा फ्रांसिस की प्रेरितिक यात्रा की ख़बरें प्रकाशित की गई। शुक्रवार को मोज़ाम्बिक में अपनी तीन दिवसीय प्रेरितिक यात्रा समाप्त कर सन्त पापा फ्राँसिस मडागास्कार की राजधानी अन्तानानारिवो पहुँचे। राजधानी की सड़कों के ओर-छोर वाटिकन एवं मडागास्कर के ध्वजों तथा राष्ट्र में आये खास मेहमान सन्त पापा फ्राँसिस की विशाल तस्वीरों एवं पोस्टरों को देखा जा सकता है।  

दक्षिणी अफ्रीका के तीन देशों में अपनी छः दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण में सन्त पापा फ्राँसिस ने शुक्रवार सन्ध्या मलगाशी भूमि पर अपने पैर रखे। इटली से बाहर सन्त पापा फ्राँसिस की यह 31 वीं तथा अफ्रीका के उपसहारा देशों में उनकी दूसरी प्रेरितिक यात्रा है।  

मलगाशी भूमि, स्वागत समारोह

हिन्द महासागर स्थित मडागास्कर कई द्वीपों से निर्मित देश है जिसकी कुल आबादी दो करोड़ छः लाख, बावन हज़ार है। देश में मलगाशी तथा फ्रेंच भाषाएँ बोली जाती हैं। कुल आबादी में 52 प्रतिशत जनता पारम्परिक एवं जीववादी धर्मों का पालन करते हैं जबकि, 35 प्रतिशत लोग ख्रीस्तीय धर्मानुयायी हैं तथा 07 प्रतिशत इस्लाम धर्मानुयायी हैं। मडागास्कर को अफ्रीकी महाद्वीप का सर्वाधिक विशाल द्वीप माना जाता है।

अन्तनानारिवो हवाई अड्डे पर शुक्रवार को मडागास्कर के राष्ट्रपति आन्द्री राजोलीना तथा उनके शिष्ठमण्डल ने राष्ट्र की ओर से वाटिकन के राज्याध्यक्ष एवं विश्वव्यापी काथलिक कलीसिया के परमधर्मगुरु सन्त पापा फ्रांसिस का हार्दिक अभिवादन किया। पारम्परिक मलगाशी परिधान धारण किये दो बच्चों ने गुलदस्ते अर्पित किये तथा हवाई अड्डे के इर्द-गिर्द जमा जनसमुदाय ने जयनारे लगाकर अपनी खुशी ज़ाहिर की।   

राष्ट्रपति से मुलाकात

मडागास्कर में सन्त पापा फ्राँसिस की प्रेरितिक यात्रा आधिकारिक रूप से शनिवार 07 सितम्बर को, आन्तानानारिवों के राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति राजोलीना के साथ वैयक्तिक मुलाकात से शुरु हुई। इस मुलाकात के बाद सन्त पापा ने राष्ट्रपति भवन के उद्यान में ही राष्ट्रपति राजोलीना के साथ मिलकर शांति और पर्यावरण की सुरक्षा के प्रतीकवश एक पौधा आरोपित किया। राष्ट्रपति के परिजनों एवं राष्ट्रपति भवन के अधिकारकियों ने सन्त पापा के साथ तस्वीरें खिंचवाई तथा उपहारों के आदान प्रदान हुआ। तदोपरान्त, सन्त पापा फ्रांसिस ने राजनितिज्ञों, राष्ट्र में सेवारत कूटनीतिज्ञों तथा नागर समाज के नेताओं को अपना सन्देश दिया।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

07 September 2019, 11:15