माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
अलबामा, बुधवार 6 मार्च 2019 (रेई) : संत पापा फ्राँसिस की ओर से वाटिकन सचिव पियेत्रो परोलीन ने अलबामा के महाधर्माध्यक्ष थॉमस जे. रोदी को तार भेजकर शक्तिशाली बवंडर के शिकार लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की तथा उनके परिवार जनों के प्रति अपना आध्यात्मिक सामीप्य प्रदान किया।
तार संदेश में संत पापा ने कहा कि वे हाल ही में प्राकृतिक आपदा से अलबामा के लोगों और सम्पति की क्षति सुनकर बेहद दुखी हैं। बवंडर के शिकार लोगों विशेष कर बच्चों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करते हैं पिता ईश्वर उन्हें अनंत शांति प्रदान करें। संत पापा उन लोगों को भी अपना आध्यात्मिक सामीप्य प्रदान करते हैं जिन्होंने अपने प्रिय जनों को खो दिया है। दयालु ईश्वर उन्हें इस दुःख को सहने की शक्ति दें साथ ही घायल लोगों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।
विदित हो अलबामा राज्य के बेउरगार्ड शहर में एक शक्तिशाली इएफ-4 ट्विस्टर में 270 किमी प्रति घंटे से अधिक हवाओं का तूफान आया,जिससे भारी मात्रा में जान-माल की क्षति हुई। कई बच्चों सहित कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई।
