माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, सोमवार, 18 मार्च 2019 (रेई) : काथलिक कलीसिया चालीसा के पुण्य काल में है। संत पापा ने रविवार 17 मार्च को ट्वीट संदेश प्रेषित कर सभी ख्रीस्तियों को चालीसा काल को योग्य रीति से बिताने हेतु प्रेरित किया।
संत पापा फ्राँसिस ने संदेश में लिखा, “चालीसा अपने जीवन के मूल ईश्वर की ओर लौटने का पुण्य काल है जिसके दौरान प्रभु हमें प्रार्थना भिक्षा, और उपवास करने के लिए कहते हैं।”
दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, “प्रार्थना, हमें ईश्वर से, दान, हमारे पड़ोसी से और उपवास हमें खुद से पुन: जोड़ती है। ईश्वर, मेरे पड़ोसी, मेरा जीवन : ये वे वास्तविकताएं हैं जो कुछ नहीं में समाप्त नहीं हो जाती और इसलिए हमें इनमें निवेश करना चाहिए।”
संत पापा ने तीसरे ट्वीट में लिखा, मैं न्यूजीलैंड स्थित क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में हुए भयानक हमले के पीड़ितों के लिए प्रार्थना करता हूँ। मैं नफरत और हिंसा से निपटने के लिए शांति के प्रयास में प्रार्थना हेतु अपने निमंत्रण को नवीनीकृत करता हूँ।”
विदित हो कि संत पापा फ्राँसिस ने रविवार को संत पेत्रुस महागिजाघर के प्राँगण में देवदूत प्रार्थना के उपरांत वहाँ उपस्थित तीर्थयात्रियों और विश्वासियों के साथ एक क्षण मौन रहकर क्राइस्टचर्च में हुए भयानक हमले के पीड़ितों और उनके परिजनों के लिए प्रार्थना की।
इस भयानक हमले में मृतकों की संख्या 50 तक पहुँच गई है। अस्पताल में भर्ती किये गये 1 2 लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
