माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
रोम, बुधवार 13 मार्च 2019 (रेई) : काथलिक कलीसिया के परमधर्माध्यक्ष संत पापा फ्राँसिस ने आज 13 मार्च को, संत पेत्रुस के सिहासन के अधिकारी के रूप में अपने कार्य काल के छः साल पूरे किये। इस अवसर पर विश्व के विभिन्न स्थानों से गणमान्य लोगों और संस्थानों द्वारा संत पापा फ्राँसिस को शुभकानाएँ अर्पित की।
इटली के धर्माध्यक्ष
इटली की धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के सदस्यों ने धन्यवादी हृदय से संत पापा फ्राँसिस को बधाई दी। धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष ने अपने संदेश में लिखा, “संत पापा, बीते दिनों की तिथियों की याद करते हुए हम आपके प्रियजन आपके प्रति आभार प्रकट करते हैं। रोम के धर्माध्यक्ष के रूप में आपके चुनाव की आज छठी वर्षगांठ पर हम अपनी खुशी को व्यक्त करते हैं। आप वाक्पटुता के साथ कलीसिया में दीक्षा देने में सक्षम हैं। हमारी प्रार्थना है कि आप पवित्र आत्मा के विलेपन एवं कलीसियाई एकता के आनंद को प्रतिदिन महसूस कर सकें। हम आपकी खुशी में सहभागी होते हुए शुभकामनाएं देते हैं।”
अर्जेंटीना के धर्माध्यक्ष
अर्जेंटीना के धर्माध्यक्षों ने संत पापा फ्राँसिस को अपने कार्यकाल के छह साल पूरी करने के अवसर पर बधाई दी। इन दिनों वे धर्माध्यक्षों की 117वीं आमसभा में भाग ले रहे हैं।
अर्जेंटीना के धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष ने अपने संदेश में लिखा, “संत पापा फ्राँसिस के परमाध्यक्ष के रुप में छः साल पूरा करने के अवसर पर, पिता ईश्वर को उन्हें उपहार स्वरुप हमें देने हेतु धन्यवाद करते हैं। हम सभी उनकी शांति और धैर्य से संक्रमित हैं। उनका तपस्यामय और कठिन परिश्रम का जीवन अनुकरणीय है। अपने काम की व्यस्ता में भी मिलने वालों के लिए पूरा समय देते और बड़े ध्यान के साथ बातें सुनते हैं और सहज ही लोगों को पहचान लेते हैं। हम उनके प्रसन्नचित्त स्वभाव और कर्मठता की प्रशंसा करते हैं। याजकों के यौन दुराचार जैसे पीड़ादायक मामलों की चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने कलीसिया में महत्वपूर्ण ठोस कदम लिया है। वे जानते हैं कि लोगों के लिए सम्मान की कमी के बिना दुस्साहस के साथ कैसे सुधारना है। अर्जेंटीना के धर्माध्यक्ष आने वाले वर्षों में कलीसिया की सेवा हेतु संत पापा फ्राँसिस को शुभ कामनाएं देते हैं।"
अर्जेंटीना के धर्माध्यक्ष इस वर्ष 28 अप्रैल से 18 मई तक संत पापा से पारम्परिक मुलाकात करने हेतु वाटिकन आयेंगे।
