माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
अरिच्चा, बुधवार 13 मार्च 2019 (रेई) : संत पेत्रुस के सिहासन के अधिकारी के रुप में संत पापा फ्राँसिस ने 13 मार्च 2013 को पद संभाला। आज बुधवार 13 मार्च को उनके पद संभालने के 6वीं वर्षगांठ पर अरिच्चा में आध्यात्मिक साधना के दौरान रोमी कार्यालय के सभी सदस्यों ने संत पापा को शुभकामनाएं दी।
आज सुबह पवित्र मिस्सा से पहले आध्यात्मिक साधना के प्रतिभागियों की ओर से धर्माध्यक्षीय धर्मसंघ के प्रीफेक्ट सेवानिवृत कार्डिनल जोवान्नी बत्तिस्ता रे ने संत पापा फ्राँसिस को बधाई दी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "संत पापा, आज काथलिक कलीसिया के परमाधिकारी के रूप में आपके चुनाव की छठी वर्षगांठ है। यहाँ उपस्थित सभी के नाम पर, मैं यह बताना चाहता हूँ कि हम सब बहुत ही आनन्दित हैं, हम बड़े सौभाग्यशाली हैं कि आज आपकी अध्यक्षता में पवित्र मिस्सा समारोह में भाग ले रहे हैं। सभी भाइयों को विश्वास में मजबूत करना, एकता की नींव को बनाये रखना और सभी को स्वर्ग की ओर ले जाने का रास्ता दिखाना आपका उत्तरदायित्व है। संत पापा इस उत्तरदायित्व को निभाने में हमारा पूरा सहयोग है और हम बहुत प्यार एवं सच्ची श्रद्धा के साथ आपके करीब हैं। आपका आशीर्वाद हम पर बना रहे।”
