ताईवान में रेल दुर्घटना ताईवान में रेल दुर्घटना 

ताईवान रेल दुर्घटना के शिकार लोगों को संत पापा की सहानुभूति

संत पापा फ्राँसिस ने ताईवान रेल दुर्घटना के शिकार लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की।

उषा मनोरमा तिरकी -वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, मंगलवार, 23 अक्टूबर 2018 (रेई)˸ ताईवान में रेल दुर्घटना के शिकार लोगों के प्रति संत पापा ने एक तार संदेश प्रेषित कर अपनी गहन संवेदना प्रकट की।

दुर्घटना स्थानीय समयानुसार शाम 5.00 बजे ताईपेई एवं ताईतुन के बीच घटी जब एक ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। ट्रेन दुर्घटना का मूल कारण उसकी तेज गति बतलायी जा रही है।

वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो ने सोमवार को संत पापा की ओर से एक तार संदेश प्रेषित कर कहा, "संत पापा फ्राँसिस यिलान प्रांत में रेल दुर्घटना की खबर सुन अत्यन्त दुःखी हैं तथा वे इस त्रासदी के शिकार सभी लोगों को अपना आध्यात्मिक सामीप्य एवं हार्दिक संवेदना प्रकट करते हैं।" उन्होंने लिखा कि वे मौत के शिकार लोगों एवं घायलों के लिए प्रार्थना करते तथा शोकित प्रियजनों को सांत्वना देते हैं। वे चंगाई, शक्ति और शांति की कामना करते हुए सभी नागरिक अधिकारियों एवं राहत सेवा में लगे लोगों के लिए दिव्य आशीष की कामना करते हैं।

ट्रेन में कुल 336 यात्री थे। दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गयी तथा 187 लोग घायल हो गये। मरने वालों में तीन बच्चे भी  हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

23 October 2018, 17:10