बस जिसमें हत्या की शिकार धर्मबहनें सवार थीं बस जिसमें हत्या की शिकार धर्मबहनें सवार थीं 

दक्षिणी सूडान में हत्या की शिकार दो धर्मबहनों का अंतिम संस्कार

सिस्टर मेरी दानिएल अबूट और सिस्टर रेजिना रोबा लुअते हमारे शहीद हैं। उनकी क्रूर हत्या हुई है और वे सदा हमारी यादों में बनी रहेंगी एवं हमारे विश्वास को मजबूत करेंगी।" उक्त बातें दक्षिणी सुडान स्थित जुबा के महाधर्माध्यक्ष स्तेफन अमेयू ने 15 अगस्त को हत्या की शिकार हुईं सेक्रेड हार्ट की धर्मबहनों की याद करते हुई कही।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

दक्षिणी सूडान, शनिवार, 21 अगस्त 2021 (रेई)- धर्मबहनों की हत्या जुबा से निमुले को जोड़ने वाली सड़क पर यूगांडा की सीमा पर हुई थी। धर्मबहनें कुछ अन्य धर्मबहनों एवं विश्वासियों के साथ तोरित धर्मप्रांत में ख्रीस्तयाग में भाग लेने के बाद बस द्वारा जुबा लौट रही थीं। सशस्त्र लोगों ने बस पर धावा बोल दिया एवं दो धर्मबहनों और तीन विश्वासियों को मार डाला।     

सिस्टर मेरी और सिस्टर रेजिना का अंतिम संस्कार दक्षिणी सूडान की राजधानी स्थित संत तेरेसा कोतार महागिरजाघर में 20 अगस्त को सम्पन्न हुआ। महाधर्माध्यक्ष ने अंतिम संस्कार का अनुष्ठान किया और उन्हें शहीद कहा क्योंकि वे अपने विश्वास के कारण मार डाले गये। धर्माध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने लोगों को ईश्वर का अनुसरण करने का प्रोत्साहन दिया है जो हमारे जीवन के अंतिम लक्ष्य हैं। उनकी आत्माएं ईश्वर के हाथों में हैं। ईश्वर ने उनके सम्पूर्ण जीवन में अपने आपको प्रकट किया है और उनका जीवन योग्य पाया गया है। यही कारण है कि ईश्वर ने उन्हें अपने पास बुला लिया है। हम ईश्वर से आये हैं और ईश्वर के पास ही हमें लौटना है।

मन-परिवर्तन हेतु प्रार्थना

धर्माध्यक्ष ने आशा व्यक्त की कि हत्या के अपराधी "अज्ञात व्यक्ति" बनकर नहीं रहेंगे, बल्कि "पहचाने और रिपोर्ट" किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये बंदूकधारी लोग अज्ञात नहीं हैं क्योंकि ईश्वर उन्हें जानते हैं। धर्माध्यक्ष ने उन्हें चिंतन करने के लिए कहा कि वे मानव व्यक्ति की प्रतिष्ठा पर चिंतन करें। दूसरों का जीवन लेने का अधिकार किसी नहीं है चाहे वह अपराधी ही क्यों न हो। उन्होंने हृदय परिवर्तन के लिए प्रार्थना करने का निमंत्रण दिया। पत्थर के हमारे हृदय को हाड़ मांस के हृदय में बदलना है। धर्माध्यक्ष ने कहा कि कृपा द्वारा ही हम अपने आपके लिए, कलीसिया के लिए एवं हमारे देश के लिए भला काम कर सकते हैं।   

धर्माध्यक्ष एरकोलानो लोदू तोम्बे ने अंतिम संस्कार में सह-अनुष्ठाता के रूप में भाग लिया। उन्होंने दक्षिणी सूडान की सरकार से अपील की कि वह अपने नागरिकों की रक्षा हेतु हरसंभव प्रयास करे। राज्य सभा के प्रतिनिधि जेम्मा नूनू कुम्बा ने सिस्टर मेरी और सिस्टर रेजिना की हत्या को कलीसिया, महिलाओं और दक्षिणी सूडान की माताओं पर हमला कहा।

पोप द्वारा हत्या की निंदा

संत पापा फ्रांसिस ने भी क्रूर हत्या की निंदा की है। वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन ने संत पापा फ्राँसिस की ओर से एक तार संदेश में कहा है कि वे धर्मबहनों पर किये गये क्रूर हमले की खबर सुनकर दुःखी हैं। संत पापा ने इस हमले को मूर्खतापूर्ण हिंसक कृत्य कहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि सिस्टर मेरी एवं रेजिना रेजिना का बलिदान क्षेत्र में शांति, मेल-मिलाप एवं सुरक्षा के कार्यों को आगे बढायेंगा।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

21 August 2021, 15:55