टोक्यो में ऑलम्पिक खेल टोक्यो में ऑलम्पिक खेल  

टोक्यो महाधर्मप्रांत द्वारा खिलाड़ियों के लिए प्रेरितिक कार्यक्रम रद्द

जापान की राजधानी टोक्यो में शुक्रवार को 32वेँ ऑलम्पिक खेल के उद्घाटन के पूर्व टोक्यो महाधर्मप्रांत ने कोविड-19 महामारी के कारण खिलाड़ियों के लिए अपना प्रेरितिक कार्यक्रम रद्द कर दिया है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

टोक्यो, बृहस्पतिवार, 22 जुलाई 2021 (वीएनएस)- 23 जुलाई को टोक्यो में ओलंपिक खेल का उद्घाटन होनेवाला है किन्तु कोविड-19 महामारी का संक्रमण अब भी बढ़ रहा है।

अब तक जापान में 8,48,000 लोग संक्रमित हुए हैं और 15,000 लोगों की मौत हुई है जिसने सभी कार्यक्रम में बदलाव लाने हेतु मजबूर किया है एवं खेल दर्शकों के बिना खेला जा रहा है।

प्रेरितिक कार्य रद्द

स्वास्थ्य सुरक्षा उपाय भी स्थानीय महाधर्मप्रांत को प्रभावित करते हैं जिसने खिलाड़ियों और दर्शकों का साथ देने की प्रेरितिक योजना को रद्द कर दिया है।   

एक विज्ञप्ति में टोक्यो के महाधर्माध्यक्ष तरचिस्यो इसौ किकुकी ने बतलाया, "योजना बनायी गई थी कि हरेक पल्ली खिलाड़ियों की आध्यात्मिक देखभाल करेगी किन्तु हमने अब इन प्रयासों को सुरक्षा मामलों के कारण रद्द करने का निर्णय लिया है।"

धर्मप्रांतीय विशेष ओलंपिक समिति ने इस अवसर पर योजना बनायी थी कि स्थानीय महागिरजाघर में अंतरराष्ट्रीय ख्रीस्तयाग अर्पित की जायेगी तथा सभी खिलाड़ियों के लिए एक विशेष रोजरी की जायेगी, किन्तु टोक्यो महाधर्मप्रांत के क्षेत्र को सरकार के द्वारा आपातकालीन स्थिति वाला क्षेत्र में रखे जाने के परिणाम स्वरूप खिलाड़ी ऑलम्पिक गाँव से बाहर नहीं निकलेंगे और न ही पुरोहितों तक पहुँच सकेंगे।

कोविड विरोधी उपायों का सम्मान करने का आह्वान

महाधर्माध्यक्ष किकूची ने सभी धर्मों के लोगों का आह्वान किया है कि वे कोविड विरोधी स्वास्थ्य उपायों का सम्मान करें तथा खिलाड़ियों से आग्रह किया है कि वे गिरजाघरों का दौरा करने से बचें, क्योंकि काथलिक समुदाय एवं सभी लोगों की प्रतिबद्धता है अधिक संक्रमण फैलने से रोकना। महाधर्माध्यक्ष ने जोर देते हुए कहा, "हमने सुरक्षा उपायों को अपनाया है क्योंकि हम न केवल अपने जीवन को बचाने बल्कि दूसरों के जीवन को भी बचाने की जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हैं। हमें संक्रमण फैलने से रोकना है। धर्मविधि समारोहों को अब भी ऑनलाईन प्रसारित किया जाएगा।

महाधर्माध्यक्ष ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि "टोक्यो में वर्षा ऋतु बीत चुकी है और पिछली रात आकाश में इंद्र धनुष प्रकट हुआ जो आशा का प्रतीक है।"   

ओलंपिक खेलों की समयरेखा

32वें ओलंपिक खेल को 24 जुलाई से 9 अगस्त 2020 को आयोजित किय गया था जिसको महामारी के कारण 23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 को रखा गया है। उद्घाटन समारोह शुक्रवार को टोक्यो के राष्ट्रीय स्टेडियम में स्थानीय समय अनुसार शाम 8.00 बजे सम्पन्न होगा। इसके बाद 24 अगस्त से 5 सितंबर 2021 तक पैरालिंपिक का 16वां संस्करण सम्पन्न होगा, जिसे स्वास्थ्य आपातकाल के कारण एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया था।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

22 July 2021, 14:40