आयरलैण्ड के तुआम में बच्चों के आदर में स्थापित मरियम तीर्थ, प्रतीकात्मक तस्वीर आयरलैण्ड के तुआम में बच्चों के आदर में स्थापित मरियम तीर्थ, प्रतीकात्मक तस्वीर 

नॉक तीर्थ को अन्तरराष्ट्रीय मान्यता

सन्त पापा फ्राँसिस आगामी सप्ताह सन्त जोसफ के महापर्व के अवसर पर आयरलैण्ड के नॉक नगर स्थित मरियम तीर्थ को आधिकारिक तौर पर मरियम एवं यूखारिस्त को समर्पित अन्तराष्ट्रीय तीर्थ घोषित करेंगे।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

रोम, शुक्रवार, 12 मार्च 2021 (सी.एन.ए.): सन्त पापा फ्राँसिस आगामी सप्ताह सन्त जोसफ के महापर्व के अवसर पर आयरलैण्ड के नॉक नगर स्थित मरियम तीर्थ को आधिकारिक तौर पर मरियम एवं यूखारिस्त को समर्पित अन्तराष्ट्रीय तीर्थ घोषित करेंगे। नॉक आयरलैण्ड के मायो काऊन्टी का एक नगर है।   

आयरलैण्ड के काथलिक धर्माध्यक्षों ने गुरुवार 11 मार्च को घोषित किया कि सन्त पापा नॉक के मरियम तीर्थ को आधिकारिक मान्यता प्रदान करते हुए 19 मार्च को एक विडियो सन्देश प्रेषित करेंगे।   

सन्त जोसफ का पर्व उपयुक्त समय

इस पहल का स्वागत करते हुए तुआम के महाधर्माध्यक्ष माईकिल नियेरी ने कहा, "सन्त जोसेफ का महापर्व नॉक को एक अंतर्राष्ट्रीय मरियम और यूखारिस्त तीर्थ के रूप में स्थापित करने के लिए बहुत उपयुक्त है।" उन्होंने बताया कि सन् 1879 ई. में पवित्र कुवाँरी मरियम के साथ-साथ सन्त जोसफ ने भी नॉक में दर्शन दिये थे।

सन् 1879 ई. की 21 अगस्त को, घनघोर वर्षा के दिन, 15 प्रामाणिक गवाहों ने नॉक में पवित्र कुवाँरी मरियम, सन्त जोसफ, सुसमाचार लेखक सन्त योहन, स्वर्गदूतों तथा ईश्वर के मेमने रूप में येसु ख्रीस्त के दर्शन पाये थे।   

आँधी और तूफान के बावजूद लगभग दो घण्टों के लिये, श्रद्धालुओं का एक समूह स्वर्गिक दर्शन के समक्ष आराधना करते हुए रोज़री विनती करता रहा। अन्य दर्शनों के विपरीत इस बार पूरे दर्शन के दौरान कुवाँरी मरियम मौन रहीं और उन्होंने न तो कोई सन्देश दिया और न ही कोई भविष्यवाणी की।

विश्वासयोग्य घोषित

वाटिकन के धर्माधिकारियों ने सन् 1879 ई. तथा सन् 1936 के दो अलग-अलग आयोगों की छान-बीन के बाद नॉक नगर के दिव्य दर्शन को "विश्वासयोग्य और संतोषजनक" पाया था।  

सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय ने सन् 1979 में नॉक की यात्रा कर कहा था कि वे तीर्थयात्री रूप में वहाँ पहुँचे थे। सन् 1993 में मदर तेरेसा ने तथा 2018 में सन्त पापा फ्राँसिस ने उक्त मरियम तीर्थ की भेंट की थी।

सन्त पापा फ्राँसिस का विडियो सन्देश 19 मार्च को सन्ध्या साढ़े सात बजे ख्रीस्तयाग समारोह के दौरान दर्शाया जायेगा। ख्रीस्तयाग समारोह का नेतृत्व महाधर्माध्यक्ष नियेरी करेंगे।

धन्यवाद ज्ञापन

मरियम तीर्थ को मान्यता प्रदान करने के लिये महाधर्माध्यक्ष नियेरी ने आयरलैण्ड में परमधर्मपीठ के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष जूड थदेयुस, आयरलैण्ड के धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष एमॉन मार्टिन तथा नवीन सुसमाचार प्रचार हेतु परमधर्मपीठीय परिषद के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष फिज़िकेल्ला के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।   

नॉक नगर स्थित तीर्थस्थल के विषय में महाधर्माध्यक्ष नियेरी ने बताया कि कोविद-19 महामारी से पूर्व प्रति सप्ताह कम से कम 4,000 श्रद्धालु यहाँ पुनर्मिलन संस्कार ग्रहण करने के लिये आते थे। उन्होंने कहा कि यह तीर्थ, "आशा का, शांति का तथा पुनर्मिलन का पावन स्थल है।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

12 March 2021, 11:48