माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
जाग्रेब, शनिवार 9 जनवरी 2021 (वाटिकन न्यूज) : राष्ट्रीय काथलिक कारितास के विश्वव्यापी संघ, अंतरराष्ट्रीय कारितास ने हाल ही में एक शक्तिशाली भूकंप से बेघर हुए लोगों के लिए सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवनयापन सुनिश्चित करने में मदद करने हेतु 880,000 यूरो के लिए एक अपील शुरू की है।
29 दिसंबर को ज़ाग्रेब के दक्षिण में लगभग 30 मील की दूरी पर 6.4 तीव्रता के भूकंप के बाद शक्तिशाली झटकों की एक श्रृंखला ने मध्य क्रोएशिया को हिला कर रख दिया है। पेत्रिनया, सिसाक और ग्लिना शहरों को भारी क्षति पहुँची। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना तक झटका महसूस किया गया था। 140 वर्षों के बाद इस क्षेत्र में सबसे मजबूत भूकंप आया, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई, 20 से अधिक घायल हो गए और व्यापक क्षति हुई। अधिकारियों और निवासियों ने कहा कि कई पड़ोसी देशों में झटके महसूस किए जा सकते हैं।
सुजाना बोरको, कारितास क्रोएशिया के उप निदेशक ने कहा, “मूल भूकंप के बाद से जमीन हर दिन हिल रही है और लोग लगातार भय और तनाव में जी रहे हैं। भूकंप से लगभग 2000 वर्ग किलोमीटर का एक विशाल क्षेत्र प्रभावित हुआ है। ” उन्होंने कहा कि भूकंप के बाद से प्रभावित होने वाले लोगों को कारितास के 200 स्वयंसेवक भोजन और स्वच्छता की चीजें वितरित कर रहे हैं।
लंबे समय तक सहायता
कारिकास अब दीर्घकालिक सहायता पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और लोगों को अपने घरों और समुदायों के पुनर्निर्माण में मदद कर रहा है। इसकी 8 महीने की परियोजना में 200 घरों तक पूर्वनिर्मित कंटेनर आवास और वित्तीय और तकनीकी सहायता प्रदान करके मदद करेगी ताकि लोग अपने घरों की मरम्मत कर सकें।
बोरको के अनुसार, "ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावित लोगों में से कई अपनी फसलों और पशुओं के पास रहना चाहते हैं, इसलिए वे खलिहान में, अपनी कारों में और अपने घरों के खंडहर में सो रहे हैं।" उसने कहा, "कैरितास क्रोएशिया उन्हें अपने घरों और समुदायों के पुनर्निर्माण में मदद करेगा ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक परिस्थितियों में रह सकें।"
संत पापा की निकटता
भूकंप के तुरंत बाद,संत पापा फ्राँसिस ने पीड़ितों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की। अगले दिन साप्ताहिक आमदर्शन समारोह में बोलते हुए, उन्होंने घायलों और भूकंप से प्रभावित लोगों के साथ, मृतकों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करने का आश्वासन देते हुए अपनी निकटता व्यक्त की।
संत पापा ने आशा व्यक्त की कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय क्रोएशियाई अधिकारियों की मदद करेगा ताकि पीड़ित लोगों को आवश्यक मदद मिल सके।
प्रेरितिक राजदूत का दौरा
क्रोएशिया के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष जोर्जो लिंगुआ ने भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित सिसाक धर्मप्रांत का दौरा किया। धर्माध्यक्ष व्लादो कोसिक ने उनका साथ दिया। उन्होंने धर्मप्रांतीय कारितास के वितरण केंद्र का दौरा किया और अपने स्वयंसेवकों के साथ मुलाकात की। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता को "आशा की एक निशानी" के रूप में वर्णित किया जो हमें यह समझने में मदद करती है कि मनुष्य के मूल में 'हमेशा अच्छाई रहती है'। "धर्माध्यक्ष कोसिक जिनका महागिरजाघर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है, ने मुश्किल समय में संत पापा की निकटता के लिए, साथ ही संत पाप की अपील के जवाब में, दुनिया भर से आने वाली आध्यात्मिक और भौतिक मदद के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। धर्माध्यक्ष कोसिक ने कहा,”मैं इस बात से सहमत हूँ कि यह घटना हमें सिखाती है कि हम कितने नाजुक हैं और एक बेहतर दुनिया बनाने के लिए हमें कैसे काम करना चाहिए। ”
क्रोएशिया में कारितास के काम का समर्थन करने के लिए कोई भी व्यक्ति यहां दान करके ऐसा कर सकता है: https://www.caritas.org/donate-now/croatia-earthquake/