धर्माध्यक्ष हेनरिक सोआर्स दे कोस्टा धर्माध्यक्ष हेनरिक सोआर्स दे कोस्टा  

ब्राजील में कोरोना वायरस से पालमारेस के धर्माध्यक्ष की मृत्यु

कोरोना वायरस से जूझ रहे 57 वर्षीय धर्माध्यक्ष हेनरिक सोआर्स दे कोस्टा की मृत्यु शनिवार 18 जुलाई को हुई। ब्राजील में कोविद -19 संक्रमणों की दो मिलयन की संख्या के साथ दुनिया का दूसरा देश है। यहाँ 78 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

पालमारेस, सोमवार 20 जुलाई 2020 (वाटिकन न्यूज) : ब्राजील में एक और धर्माध्यक्ष कोरोना वायरस के शिकार हुए। पेरनामबुको राज्य में पालमारेस धर्माध्यक्ष हेनरिक सोआर्स दे कोस्टा की शनिवार को 57 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई। वे 4 जुलाई से रेसिफ़ में "मेमोरियल संत जोस" अस्पताल की गहन देखभाल इकाई में भर्ती थे। ब्राजील के धर्माध्यक्षीय सम्मेलन (सीएनबीबी) ने इसकी घोषणा की।

पत्रकारों एवं ख्रीस्तीयों द्वारा प्रार्थना

पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत खराब हो गई थी और उन्हें 16 जुलाई को कोविद -19 का पता चला था। उनकी बीमारी का पता चलने के बाद, सोशल मीडिया और वेब पर पालमारेस के ख्रीस्तीय और पत्रकार प्रार्थना के लिए एकत्र हुआ करते थे। धर्माध्यक्ष का जन्म 1963 में अलागोआस राज्य के पनाडो में हुआ था। उन्होंने अल्गास के संघीय विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में डिग्री और फिर रोम के पोंटिफिकल ग्रेगोरियन विश्वविद्यालय से डोग्मेटिक थियोलॉजी की पढ़ाई की। 1992 में उनका पुरोहिताभिषेक हुआ। उन्होंने अनेक पल्लियों में अपनी सेवा दी। 2009 में संत पापा बेनेडिक्ट सोलहवें ने उन्हें अरकाजू का सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त किया। 2014 में वे पालमारेस के धर्माध्यक्ष बनाये गए। वे विभिन्न स्थानीय काथलिक अखबारों के समीक्षक और स्तंभकार थे।  एक रेडियो कार्यक्रम के संवाहक थे और वे पुरोहितों के लिए बने आयोग के अध्यक्ष थे।

ब्राजील में कोविद -19 से तीन धर्माध्यक्षों की मृत्यु

 धर्माध्यक्ष दे कोस्टा  कोविद -19 से मरने वाले तीसरे ब्राज़ीलियाई धर्माध्यक्ष हैं। कैंसर से पीड़ित महाधर्माध्यक्ष एल्डो पगोट्टो की पैराइबा के द्वीपसमूह में कोरोना वायरस से 14 अप्रैल को मृत्यु हुई।उसके बाद पैसो फंडो के सेवानिवृत महाधर्माध्यक्ष पेड्रो एर्सीलो साइमन का 78 वर्ष की आयु में 1 जून को निधन हो गया। 78,772 कुल मौतों के साथ कोरोनोवायरस संक्रमणों की संख्या के आधार पर ब्राजील दुनिया का दूसरा देश है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

20 July 2020, 13:00