शिलोंग के महाधर्माध्यक्ष दोमनिक जाला शिलोंग के महाधर्माध्यक्ष दोमनिक जाला 

महाधर्माध्यक्ष जाला के पार्थिव शरीर को भारत लाया गया

महाधर्माध्यक्ष दोमनिक जाला के पार्थिव शरीर को 20 अक्टूबर को गुवाहाटी पहुँचाया गया, जहाँ मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. सांगमा ने उनका स्वागत किया।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

गुवाहाटी, मंगलवार, 22 अक्टूबर 2019 (रेई)˸ मौके पर महाधर्माध्यक्ष के परिवार के सदस्य एवं प्रियजन भी लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उपस्थित थे जिन्होंने शिलोंग के महाधर्माध्यक्ष को श्रद्धांजलि अर्पित की। 

हवाई अड्डे पर महाधर्माध्यक्ष के पार्थिव शरीर के आगमन पर खींचे गये फोटो को अपने ट्वीटर पर पोस्ट करते हुए सांगमा ने लिखा, "गुवाहाटी हवाई अड्डे पर महाधर्माध्यक्ष दोमनिक जाला के पार्थिव शरीर को लाया गया, जहाँ उनके परिवार के सदस्य एवं प्रियजन भी उपस्थित थे।"

महाधर्माध्यक्ष जाला की लोकप्रियता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "उपस्थित सभी लोगों के द्वारा स्नेह और सहयोग प्रकट करते देखना उत्साहजनक था जो दिखलाता है कि उन्होंने सभी लोगों के जीवन में किस तरह का प्रभाव डाला था।"  

अमरीका से गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पहुँचने के बाद पार्थिव शरीर को गुवाहाटी के संत जोसेफ महागिरजाघर लाया गया। शिलोंग ले जाने के पहले वहाँ ख्रीस्तयाग अर्पित कर उनकी आत्मा की अनन्त शांति के लिए प्रार्थना की गयी। गुवाहाटी के महाधर्माध्यक्ष जॉन मूलाचिरा जो उत्तरपूर्वी भारत के काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष हैं उन्होंने ख्रीस्तयाग का अनुष्ठान किया। ख्रीस्तयाग में उत्तरपूर्वी क्षेत्र के कई धर्माध्यक्ष, कलीसिया के धर्मगुरू, शिलोंग महाधर्मप्रांत के सदस्य और अन्य विश्वासी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।  

महाधर्माध्यक्ष मूलाचिरा ने इस अवसर पर कहा कि महाधर्माध्यक्ष जाला एक सरल, मित्रवत, अत्यन्त वफादार एवं कठिन परिश्रम करने वाले व्यक्ति थे। शिलोंग के रास्ते पर महाधर्माध्यक्ष के पार्थिव शरीर को बेरनीहाट, नोंगपोह और मौलाई पल्लियों में भी लिया गया।

पार्थिव शरीर को विश्वासियों के दर्शन के लिए शिलोंग के महागिरजाघर में 21 से 23 अक्टूबर तक रखा जाएगा। उसके बाद 23 अक्टूबर को अंतिम संस्कार सम्पन्न किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंतिम संस्कार, शिलोंग के लाईतुमख्राह स्थित मरियम ख्रीस्तियों की सहायिका महागिरजाघर में अपराहन 1.00 बजे सम्पन्न किया जाएगा। महाधर्माध्यक्ष का दफन महागिरजाघर के बाहर, उसके निकट ही किया जाएगा।

महाधर्माध्यक्ष जाला का निधन अमरीका के कैलिफोर्निया में एक कार दुर्घटना में 10 अक्टूबर को हो गया था। (भारत के अनुसार 11 अक्टूबर की सुबह) दुर्घटना में फादर मैथ्यू वेल्लांकल की भी मौत हो गयी थी। महाधर्माध्यक्ष जाला, फादर वेल्लांकल एवं फादर जोसेफ पारेक्काट्ट जिस टोयोटा प्रियस से यात्रा कर रहे थे, वह विल्बर स्प्रिंग्स के पास कैलिफोर्निया रूट 20 पर एक ट्रैक्टर-ट्रेलर ट्रक द्वारा टक्कर मार दी गई थी।

फादर पारेक्काट्ट जो वालनट क्रीक में संत अन्ना पल्ली की देखभाल करते हैं दुर्घटना में उन्हें भी चोट लगी है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

22 October 2019, 16:49