जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी
झारसागुडा, शुक्रवार, 8 मार्च 2019 (ऊका समाचार): भारत के वरिष्ठ पत्रकार इग्नेशियस गोनज़ालवेज़ भारतीय काथलिक प्रेस संस्था प्रमुख नियुक्त किये गये हैं. भारतीय काथलिक प्रेस संस्था के 55 वर्षीय इतिहास में दूसरी बार किसी लोकधर्मी काथलिक विश्वासी को संस्था का प्रमुख नियुक्त किया गया है. पहली बार 2004 में डॉ माईकिल गोनज़ावेज़ उक्त पद पर नियुक्त किये गये थे. इससे पूर्व केवल पुरोहितों को ही प्रमुख पद पर नियुक्त किया जाता रहा था.
पत्रकार इग्नेशियस गोनज़ालवेज़
एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कलीसियाई इतिहास के विशेषज्ञ पत्रकार इग्नेशियस गोनज़ालवेज़ की नियुक्ति उड़ीसा के झारसागुडा में आयोजित सम्मेलन के दौरान की गई थी. पत्रकार गोनज़ालवेज़ मलायालम मनोरमा तथा केरल टाईम्स दैनिक के लिये कार्य करते रहे थे.
भारतीय काथलिक प्रेस संस्था के नये अधिकारी
नई दिल्ली स्थित इन्डियन करन्ट्स पत्रिका के सम्पादक कैपुचिन धर्मसमाजी पुरोहित फादर सुरेश मैथ्यू को भारतीय काथलिक प्रेस संस्था के महासचिव, दिव्य शब्द धर्मसमाजी पुरोहित फादर सुनील डामोर को उपाध्यक्ष तथा सन्त पौल मिशनरी धर्मसमाजी पुरोहित फादर जोबी मैथ्यू को कोषाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है.
भारतीय काथलिक प्रेस संस्था को भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन का संरक्षण प्राप्त है तथा अंतरराष्ट्रीय मीडिया संगठनों में इसका प्रतिनिधित्व है.