उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी
संत पापा फ्राँसिस के प्रतिनिधि के रूप में संत प्रकरण परिषद के अध्यक्ष कार्डिनल जोवन्नी अंजेलो बेच्चू ने धन्य घोषणा समारोह सम्पन्न किया।
धन्य क्लेलिया मेरलोनी
धन्य क्लेलिया मेरलोनी का जन्म इटली के फोरली में 10 मार्च 1861 को एक धनी व्यापारी के घर में हुआ था। उनकी माता का नाम तेरेसा ब्रानदिनेल्ली तथा पिता का नाम ज्वाकिनो मेरलोनी था। 33 साल की उम्र में अपने तीन मित्रों के साथ उन्होंने येसु के पवित्रतम हृदय की धर्मबहनों के धर्मसमाज की स्थापना की। धर्मसमाज की स्थापना का उद्देश्य था संत मार्गरेट मेरी अलाकोक के मिशन (येसु के पवित्र हृदय को जानना एवं प्यार करना) को पूरा करना। धर्मसमाज शीघ्रता से वियारेज्जो एवं उसके बाहर फैलने लगा, किन्तु क्लेलिया के पिताजी के देहांत एवं अक्षम प्रशासन के कारण उन्हें प्रेरिताई के कई कार्यों को त्यागना पड़ा, साथ ही वियारेज्जो को भी छोड़ना पड़ा। फिर भी ईश्वर की कृपा से धर्मसमाज का अंत नहीं हुआ। संकट के कुछ समय बाद धर्मसमाज में परिवर्तन आया, जब पियाचेन्सा के धर्माध्यक्ष जोवन्नी बात्तिस्ता स्कालाब्रीनी ने उत्तर और दक्षिण अमेरिका में इटली के मिशन स्थल खोले। धन्य क्लेलिया मेरलोनी का निधन 21 नवम्बर 1930 को रोम में हुआ।